Chamoli: राज्यसभा सांसद व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को रविवार को गोपेश्वर में कांग्रेस और उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर जोरदार विरोध किया। महेंद्र भट्ट सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी 2025-26 के शुभारम्भ के लिए जिला मुख्यालय गोपेश्वर पहुंचे थे। इसी दौरान अंकिता भंडारी हत्याकांड, मनरेगा सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की।
सांसद खेल महाकुंभ कार्यक्रम के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम जाते समय गोपेश्वर डिग्री कॉलेज गेट पर कांग्रेस व उक्रांद कार्यकर्ताओं ने उनका घेराव किया। विरोध के चलते मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भाजपा कार्यकर्ताओं व प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। हालात नियंत्रित करने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बदहाल है और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी का नाम सार्वजनिक न होने पर नाराजगी जताई। कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी, हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को डिटेन कर हालात संभाले।
इधर, कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं और उनकी प्रतिभा निखारती हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले उत्तरकाशी में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का काफिला काले झंडे दिखाकर रोका था। गंगोरी क्षेत्र में “जन-जन के द्वार” कार्यक्रम से लौटते समय गंगोत्री नेशनल हाईवे पर विरोध के कारण कुछ देर अफरा-तफरी रही, हालांकि प्रशासन व पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर काफिले को सुरक्षित रवाना कराया।


Chief Editor, Aaj Khabar
