Uttarakhand: उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला गढ़वाल मंडल के हरिद्वार-लक्सर मार्ग से सामने आया है, जहां कटारपुर गांव के पास रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। अनियंत्रित कार और ई-रिक्शा की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौके पर और इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में ई-रिक्शा चालक आस मुहम्मद और उसमें सवार चरण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक विकास कुमार ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पथरी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार सामने आ रही है। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
