Haldwani: हल्द्वानी नगर क्षेत्र में अत्यधिक लाइन लॉस को लेकर आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने विद्युत विभाग पर कड़ा रुख अपनाया है। आज़ादनगर विद्युत फीडर में 87 प्रतिशत और गांधी नगर फीडर में 70 प्रतिशत लाइन लॉस पाए जाने पर आयुक्त ने गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंगलवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्युत विभाग प्रशासन की सहायता से टीमें गठित कर नियमित चेकिंग अभियान चलाए और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना सुनिश्चित करे। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में लाइनमैन लंबे समय से तैनात हैं, उनका तत्काल अन्यत्र स्थानांतरण किया जाए तथा अधिकारियों के साथ-साथ संबंधित लाइनमैनों की जवाबदेही भी तय की जाए।
आयुक्त ने विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में लाइन लॉस अत्यधिक है, वहां प्राथमिकता के आधार पर स्मार्ट मीटर लगाए जाएं। साथ ही, कांटा डालकर अवैध रूप से बिजली उपयोग करने वालों के खिलाफ समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि बिजली चोरी रोकने के लिए विभागीय और विजिलेंस टीमें पूरी तरह सक्रिय रहेंगी और प्रशासन की ओर से उन्हें हर संभव सुरक्षा और सहयोग प्रदान किया जाएगा। आयुक्त ने जोर देकर कहा कि लाइन लॉस कम करना विद्युत विभाग का प्रमुख उद्देश्य होना चाहिए, ताकि ईमानदार उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके और राजस्व नुकसान को रोका जा सके।
बैठक में मुख्य अभियंता आर.सी. गुंज्याल ने जानकारी दी कि हल्द्वानी क्षेत्र में सर्वाधिक लाइन लॉस आज़ादनगर और गांधी नगर फीडरों में दर्ज किया गया है, जिस पर आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
