Headlines

Haldwani: ओवरहेड टैंक निर्माण का गड्ढा बना मुसीबत, जलभराव से मकानों और टैंक पर मंडराया खतरा

Haldwani
शेयर करे-

Haldwani: छड़ायल स्थित कृष्णा विहार में ओवरहेड टैंक बनाने के लिए खोदा गया गड्ढा बृहस्पतिवार रात भारी बारिश के बाद दहशत का कारण बन गया। बारिश के कारण गड्ढे में जलभराव हो गया, जिससे आसपास के छह मकान, ओवरहेड टैंक और पंपहाउस खतरे की जद में आ गए। अनहोनी की आशंका से घबराए लोग रातभर अपने घरों से बाहर निकल आए और स्थिति का जायजा लेते रहे।

उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) द्वारा ओवरहेड टैंक निर्माण के लिए करीब 900 वर्ग फीट का गड्ढा खोदा गया था। गुरुवार रात करीब साढ़े 12 बजे बारिश शुरू होने से गड्ढे में पानी भरने लगा। इस दौरान, भू-धंसाव के कारण रात तीन बजे बिजली का एक पोल गिर गया और संपर्क मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया। स्थिति को देखते हुए लोग अलर्ट हो गए और फोन के जरिए एक-दूसरे को खतरे से आगाह किया।

स्थानीय निवासी लता मनराल ने बताया कि उनके मकान के नीचे से मिट्टी गिरने लगी, जिससे उनके घर को खतरा हो गया। मीना बनकोटी ने बताया कि पूरी रात लोग डर के मारे सो नहीं पाए। ओवरहेड टैंक के पास मिट्टी धंसने से उसकी सुरक्षा भी खतरे में आ गई है, जिससे जनहानि की आशंका जताई जा रही है। हरीश चंद्र जोशी ने मांग की कि टैंक की सुरक्षा के लिए तुरंत कदम उठाए जाएं।

विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रभावित इलाके से पानी निकालने का काम शुरू कर दिया गया है और कांट्रेक्टर एजेंसी को सुरक्षात्मक कार्य बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार रात से सुरक्षात्मक कदम उठाए जाने की उम्मीद है।

For latest news updates click here 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *