Headlines

Haldwani: कालाढूंगी में ट्रैक्टर से कार रौंदने वाला दबंग चालक गिरफ्तार, अवैध तमंचा और ट्रैक्टर बरामद

Haldwani: कालाढूंगी में ट्रैक्टर से कार रौंदने वाला दबंग चालक गिरफ्तार, अवैध तमंचा और ट्रैक्टर बरामद
शेयर करे-

Haldwani: नैनीताल जनपद के कालाढूंगी क्षेत्र में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए एक सनसनीखेज मामले का महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस ने कार सवार युवक को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर के साथ एक अवैध 315 बोर का तमंचा भी बरामद हुआ है।

घटना 31 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे की है, जब लच्छमपुर (चकलुवा) निवासी हिमांशु देऊपा अपनी नई कार से पहाड़ी ढाबा पहुंचे थे। इसी दौरान प्रतापपुर निवासी प्रवीण सिंह देऊपा ने पुरानी रंजिश के चलते ट्रैक्टर से उनकी कार पर बार-बार टक्कर मार दी। इस हमले में हिमांशु और उनके साथी को चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली कालाढूंगी में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन किया गया और फॉरेंसिक जांच भी कराई गई।

सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने 1 अप्रैल 2026 को आरोपी को नैनीताल रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ अवैध हथियार रखने के मामले में भी अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच खनन सामग्री को लेकर पहले से विवाद चल रहा था, जो इस हिंसक घटना में बदल गया।

एसएसपी नैनीताल ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जानलेवा हमले और अवैध हथियार रखने जैसे अपराधों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *