Haridwar: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के मंगलौर थाना क्षेत्र अंतर्गत पीरपुरा अंडरपास पर मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसे में रुड़की निवासी तीन किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक (कैप्सूल) ने बाइक सवार तीनों नाबालिगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान अयान (16), मोहम्मद रकीब (17) और मोहम्मद साकिब (16) के रूप में हुई है। तीनों रुड़की के जबरदस्तपुर इलाके के रहने वाले थे और किसी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा रात करीब 9 बजे उस समय हुआ जब अब्दुल कलाम चौक की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अंडरपास में घुसते ही बाइक से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों किशोरों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि बाइक सवार किशोर समय पर ब्रेक नहीं लगा पाए, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर ट्रक की चपेट में आ गया। हालांकि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों और ट्रक चालक की लापरवाही की पुष्टि की जा सके।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद रुड़की के जबरदस्तपुर गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अंडरपास और मोड़ों पर तेज रफ्तार अक्सर घातक साबित होती है। पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से संयमित गति और सावधानी बरतने की अपील की है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
