Headlines

Dehradun: डोइवाला में रिश्वत लेते उपखंड शिक्षा अधिकारी गिरफ्तार, विजिलेंस ने रंगे हाथों दबोचा

Dehradun: डोइवाला में रिश्वत लेते उपखंड शिक्षा अधिकारी गिरफ्तार, विजिलेंस ने रंगे हाथों दबोचा
शेयर करे-

Dehradun: देहरादून के डोइवाला क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सतर्कता विभाग (विजिलेंस) की टीम ने उपखंड शिक्षा अधिकारी धनवीर सिंह बिष्ट को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी नेपाली फार्म के पास की गई, जिसके बाद आरोपी को रायवाला कोतवाली ले जाकर पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी ने ऋषिकेश स्थित ‘गंगा वैली जूनियर हाईस्कूल’ को ए ग्रेड देने और शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत छात्रों के प्रतिपूर्ति बिल पास कराने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। इस मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस से संपर्क किया और पूरी जानकारी दी।

शिकायत के आधार पर विजिलेंस की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। बुधवार को तय योजना के अनुसार आरोपी अधिकारी अपनी निजी गाड़ी से नेपाली फार्म पहुंचा, जहां उसने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली। जैसे ही पैसे का लेनदेन हुआ, पहले से घात लगाए बैठी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।

इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के साथ मौजूद पुष्पांजलि, जो ऋषिकेश स्थित उत्तरांचल मॉडर्न स्कूल की संचालक बताई जा रही हैं, को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।

विजिलेंस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उनके आवास और अन्य ठिकानों पर भी जांच की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *