Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में गैस संकट पर फूटा गुस्सा, बुजुर्गों ने एसडीएम कोर्ट में किया जोरदार प्रदर्शन

Haldwani: हल्द्वानी में गैस संकट पर फूटा गुस्सा, बुजुर्गों ने एसडीएम कोर्ट में किया जोरदार प्रदर्शन
शेयर करे-

Haldwani: हल्द्वानी में रसोई गैस की किल्लत और लगातार बढ़ती कीमतों के खिलाफ लोगों का आक्रोश अब सड़कों पर खुलकर सामने आने लगा है। बड़ी संख्या में बुजुर्ग एसडीएम कोर्ट पहुंचे और गैस की कालाबाजारी व सप्लाई में हो रही देरी को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी को ज्ञापन सौंपा और जल्द से जल्द गैस आपूर्ति बहाल करने की मांग की। लोगों का कहना है कि बिठौरिया नंबर 1 के देवकी विहार, तिवारी कॉलोनी समेत कई इलाकों में पिछले 15 दिनों से इंडियन गैस की सप्लाई नहीं हो रही है। इससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें मजबूरन इंडक्शन चूल्हे पर खाना बनाना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसियों द्वारा कालाबाजारी की जा रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। लगातार बढ़ती दिक्कतों के चलते बुजुर्गों का सब्र टूट गया और वे प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतर आए।

वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि इंडियन गैस काठगोदाम और हल्द्वानी एजेंसियों द्वारा रोस्टर जारी किया गया है। जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग 25 मार्च या उससे पहले की है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन जल्द ही सभी क्षेत्रों में गैस आपूर्ति को सामान्य करने के प्रयास कर रहा है।

हालांकि, प्रशासन के आश्वासन के बावजूद लोगों को फिलहाल राहत मिलने का इंतजार है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो प्रदर्शन और तेज होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *