Dehradun: राजधानी में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की हत्या के बाद पुलिस महकमे में मचा हड़कंप अभी थमा नहीं है। 30 मार्च को राजपुर थाना क्षेत्र के मालसी में मॉर्निंग वॉक के दौरान रोड रेज फायरिंग में उनकी मौत ने पूरे शहर को झकझोर दिया। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे और जनता में आक्रोश भी देखने को मिला।
घटना के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है। लगातार बैठकों का दौर जारी है और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’ शुरू किया गया है। इसी कड़ी में बुधवार देर रात एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए एक साथ 30 पुलिस अधिकारियों के तबादले कर दिए।

जारी आदेश के मुताबिक, चौकी आईटी पार्क (राजपुर) से उपनिरीक्षक अर्जुन गुसाईं को बाजार चौकी विकासनगर भेजा गया है। प्रेमनगर के थानाध्यक्ष कुंदन राम को मानवाधिकार प्रकोष्ठ में तैनाती दी गई है, जबकि नेहरू कॉलोनी के थानाध्यक्ष संजीत कुमार को रायपुर थाने की कमान सौंपी गई है।
पुलिस लाइन में तैनात मनोज नौटियाल को नेहरू कॉलोनी का थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं ऋषिकेश के उपनिरीक्षक प्रवीन सैनी को राजपुर के कुठालगेट चौकी का प्रभारी बनाया गया है। पंकज कुमार को सहसपुर के धर्मावाला चौकी की जिम्मेदारी दी गई है।
नगर कोतवाली के उपनिरीक्षक जगदंबा प्रसाद को रायवाला भेजा गया है। महिला उपनिरीक्षक नीमा को एसआईएस शाखा में तैनात किया गया है। पटेलनगर के बलदीप सिंह को रानीपोखरी, कैलाश चंद्र को रायपुर और महावीर सिंह सजवाण को राजपुर थाने भेजा गया है।
क्लेमेनटाउन से गिरीश चंद्र बडोनी को विकासनगर, राजपुर से बलवीर सिंह रावत को पटेलनगर और प्रेमनगर से महिला उपनिरीक्षक मालिनी को कालसी भेजा गया है। इसके अलावा कई अन्य उपनिरीक्षकों और महिला अधिकारियों को भी अलग-अलग थानों और चौकियों में नई तैनाती दी गई है।
सख्ती के संकेत या दबाव का असर?
ब्रिगेडियर हत्याकांड के बाद जिस तरह से पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ शुरू किया और इतने बड़े स्तर पर तबादले किए, उससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि अब अपराध पर सख्ती बरतने की तैयारी है। हालांकि, यह देखना अहम होगा कि इन कदमों से जमीन पर कानून-व्यवस्था में कितना सुधार आता है।

Chief Editor, Aaj Khabar
