Headlines

Haldwani: UGC इक्विटी नियमों और SC/ST एक्ट के कथित दुरुपयोग के विरोध में हल्द्वानी में स्वर्ण समाज का विशाल प्रदर्शन, प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन

Haldwani: UGC इक्विटी नियमों और SC/ST एक्ट के कथित दुरुपयोग के विरोध में हल्द्वानी में स्वर्ण समाज का विशाल प्रदर्शन, प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन
शेयर करे-

Haldwani: UGC के इक्विटी नियमों को रद्द करने, SC/ST एक्ट के कथित दुरुपयोग पर रोक लगाने और आरक्षण व्यवस्था में आर्थिक आधार को प्राथमिकता देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में समस्त स्वर्ण समाज ने विशाल धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कुमाऊं के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।

धरना-प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी कानून या नियम का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए और सरकार को समाज की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।

प्रदर्शन के बाद स्वर्ण समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में UGC के इक्विटी नियमों को रद्द करने, SC/ST एक्ट के कथित दुरुपयोग को रोकने तथा आरक्षण को आर्थिक आधार पर लागू करने सहित कई अन्य मांगें उठाई गईं।

कार्यक्रम संयोजक विशाल शर्मा ने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो स्वर्ण समाज आगे बड़े स्तर पर आंदोलन करने की रणनीति बनाएगा। उन्होंने दावा किया कि स्वामी आनंद स्वरूप युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रयासरत हैं और जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति को लेकर हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की गई है।

विशाल शर्मा ने जंतर-मंतर पर पूर्व में हुए प्रदर्शन के दौरान युवाओं पर पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि भविष्य में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई तो देशभर में व्यापक आंदोलन की स्थिति बन सकती है।

हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में आयोजित प्रदर्शन में अल्मोड़ा, रामनगर, रुद्रपुर, लालकुआं और आसपास के क्षेत्रों समेत कुमाऊं के विभिन्न हिस्सों से लोग पहुंचे। वक्ताओं ने केंद्र सरकार से पूरे मामले पर गंभीरता से विचार कर उचित कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को लोकतांत्रिक तरीके से आगे भी जारी रखने पर विचार किया जाएगा।

प्रदर्शन में भुवन भट्ट, संस्थापक अध्यक्ष सशक्त व्यापार मंडल, भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रकाश हरबोला, अमित चौहान, विनोद पाठक, दीपक जोशी, तरुण वानखेड़े, पीयूष जोशी, पहाड़ी आर्मी के संस्थापक हरीश रावत, संदीप पांडे, नवीन पंत, डॉ. आशुतोष पंत, मदन मोहन जोशी, हेमचंद्र भट्ट, बालम जोशी, गिरीश सत्यवाली, वैभव जोशी, मनोज बिष्ट, ज्ञानेंद्र जोशी, सीमा बत्रा, नितिन कोहली और तेज सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *