Haldwani: उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनकड़ के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में वीवीआईपी ड्यूटी में लगे पुलिस बल की उच्चस्तरीय ब्रीफिंग आयोजित की गई। सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा और दिशा-निर्देश देने हेतु उत्तराखंड के पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) श्री निलेश आनंद भरणे ने अधिकारियों और जवानों को संबोधित किया।
ब्रीफिंग में सुरक्षा व्यवस्था के सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए त्रुटिरहित सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों सहित सभी तैनात कर्मियों को जिम्मेदारियों के स्पष्ट बिंदुओं से अवगत कराते हुए आमजन के प्रति मित्रवत व्यवहार तथा ड्यूटी में मनोयोग से कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही वीवीआईपी थ्रेट अवधारणाओं के अनुसार कार्य करने को कहा।
इस अवसर पर आईजी कुमाऊं श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल, आईजी सुरक्षा अभिसूचना श्री करण सिंह नगन्याल, और एसएसपी नैनीताल श्री प्रहलाद नारायण मीणा ने भी बल को वीवीआईपी सुरक्षा की बारीकियों से अवगत कराते हुए अलर्ट मोड में रहते हुए कार्य करने, सुव्यवस्थित मार्ग व्यवस्था और अनधिकृत प्रवेश की रोकथाम जैसे आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
आईजी सुरक्षा द्वारा विगत माहों की आतंकी घटनाओं के सन्दर्भ में बल को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया, वहीं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को देने का निर्देश दिया गया।
आईजी कुमाऊं ने ड्यूटी के प्रति संवेदनशीलता और उत्तराखंड पुलिस की गरिमा के अनुरूप सजगता से कार्य करने पर बल दिया। एसएसपी नैनीताल ने ड्यूटी के दौरान जनता को कम से कम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखने के साथ, सभी राजपत्रित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों के साथ भ्रमण कार्यक्रम को सफल बनाने को कहा।
एसपी क्राइम/ट्रैफिक द्वारा वीवीआईपी रूट और फोर्स डिप्लॉयमेंट की जानकारी दी गई। फ्लीट रिहर्सल उपरांत आईजी कानून व्यवस्था ने आवश्यक सुधार, बैरिकेडिंग, रूफटॉप ड्यूटी और अतिरिक्त फोर्स तैनाती की समीक्षा की।
इस दौरान 31वीं व 46वीं वाहिनी के सेनानायक श्री पंकज भट्ट, एसडीआरएफ सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी, एसएसपी अल्मोड़ा श्री देवेंद्र पींचा, एसपी बागेश्वर श्री चंद्रशेखर आर. घोड़के, आईआरबी बैलपड़ाव सेनानायक श्री रामचंद्र राजगुरु, एसपी क्राइम नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
वीवीआईपी ड्यूटी हेतु कुल 29 राजपत्रित अधिकारी, 289 निरीक्षक/एसआई, 776 कांस्टेबल/हेड कांस्टेबल और पीएसी की 5 कंपनियों की तैनाती की गई है।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar


