Haldwani: कांग्रेस भवन स्वराज आश्रम में जिला युवा कांग्रेस एवं महानगर हल्द्वानी की प्रथम कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, युवाओं की राजनीतिक एवं सामाजिक भागीदारी बढ़ाने तथा जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि युवा कांग्रेस हमेशा युवाओं की आवाज बनकर उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। रोजगार, शिक्षा, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों पर संगठित होकर संघर्ष करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान 4 जून को अल्मोड़ा के सिमकानी मैदान में आयोजित होने वाली लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की प्रस्तावित जनसभा की तैयारियों को लेकर व्यापक मंथन किया गया। युवा कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित कर जनसभा को ऐतिहासिक और सफल बनाने का आह्वान किया गया। इसके लिए विभिन्न जिम्मेदारियां भी तय की गईं।
बैठक के उपरांत हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, युवा कांग्रेस और महानगर कांग्रेस के नेतृत्व में CUET परीक्षा पेपर लीक प्रकरण के विरोध में सरकार का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही अनियमितताओं पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक लाखों युवाओं के सपनों और भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों को निराशा का सामना करना पड़ रहा है, जबकि सरकार ऐसी घटनाओं को रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। युवा कांग्रेस ने मांग की कि पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा पारदर्शी और विश्वसनीय परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
युवा कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि युवाओं के अधिकारों, रोजगार, शिक्षा और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली के लिए उसका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा तथा युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
