Bhimtal: भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक अंतर्गत लंबे समय से जर्जर पड़े ईलाइजर–गरगड़ी–कालाआगर मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया। क्षेत्रीय जनता की वर्षों पुरानी मांग पर शासन से 78 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मोटर मार्ग की खराब स्थिति के कारण उन्हें आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की मांग पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद सड़क के डामरीकरण और सुधारीकरण के लिए बजट स्वीकृत हुआ।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधार और डामरीकरण का कार्य लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर मंत्री कैड़ा ने क्षेत्रीय जनता की समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली, पानी, स्वास्थ्य सेवाओं और सड़क संबंधी विभिन्न मुद्दों को उनके समक्ष रखा। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया तथा सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति पर उनका आभार व्यक्त किया।


Chief Editor, Aaj Khabar
