Headlines

Haridwar: सप्तऋषि क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा: डंपर की टक्कर से बस पलटी, एक महिला की मौत और 31 घायल

Haridwar: सप्तऋषि क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा: डंपर की टक्कर से बस पलटी, एक महिला की मौत और 31 घायल
शेयर करे-

Haridwar: हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में शांतिकुंज के पास सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि सड़क किनारे एक यात्री बस को बैक किया जा रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई।

हादसे में राजस्थान के नागौर जिले की रहने वाली एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हो गए। घायलों में 24 महिलाएं, 5 युवक और 2 बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

सीसीटीवी वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि बस को टक्कर मारने के बाद डंपर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और डंपर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। इस दौरान वहां खड़ी एक बुलेरो वाहन भी डंपर की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय ढाबे में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

सूचना मिलते ही शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। चिकित्सकों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।

एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि आपदा परिचालन केंद्र से बस पलटने की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जिनमें से 31 घायल हुए हैं। प्रशासन और पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।

पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में ले लिया है। चालक से पूछताछ की जा रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *