Uttarakhand: टिहरी जिले में चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से भरी एक बस ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-34) पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पांच यात्री घायल हो गए, जबकि बस में सवार अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद पुलिस, राजस्व विभाग और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार बस संख्या HR 73 B 6666 गंगोत्री धाम से केदारनाथ धाम की ओर जा रही थी। बस में कुल 22 लोग सवार थे, जिनमें 18 यात्री, दो कुक, एक चालक और एक परिचालक शामिल थे। चंबा मार्ग पर कांडीखाल से करीब तीन किलोमीटर आगे जौलांगी के समीप खेतधार मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई। इस दौरान बस पहले सड़क किनारे खड़े एक पिकअप वाहन से टकराई और फिर पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही नई टिहरी कंडीखाल पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बस से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल भेजा। चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि सभी घायलों का उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
गौरतलब है कि सोमवार को उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला जारी रहा। इससे पहले हरिद्वार में एक डंपर की टक्कर से बस पलट गई थी, जिसमें एक महिला की मौत हो गई थी और 31 यात्री घायल हुए थे। टिहरी में समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया।

Chief Editor, Aaj Khabar
