Laskar: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। लक्सर ओवरब्रिज पर बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में पुलिस अभिरक्षा में मौजूद मोस्ट वांटेड अपराधी विनय त्यागी को गोलियां लग गईं, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार पुलिस विनय त्यागी को रुड़की से लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेशी के लिए लेकर जा रही थी। इसी दौरान लक्सर ओवरब्रिज पर जाम का फायदा उठाते हुए बाइक सवार बदमाशों ने अचानक पुलिस वाहन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। फायरिंग में विनय त्यागी को दो से तीन गोलियां लगने की सूचना है।
घटना के तुरंत बाद पुलिस टीम घायल विनय त्यागी को लेकर नजदीकी अस्पताल पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। विनय त्यागी पर लूट, डकैती समेत 40 से अधिक संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि पेशी पर ले जाए जा रहे आरोपी पर अज्ञात बदमाशों ने जाम का फायदा उठाकर हमला किया। घायल आरोपी को हायर सेंटर भेज दिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि घायल आरोपी एक हार्डकोर क्रिमिनल है। सुनील राठी गैंग से संबंध के सवाल पर एसपी देहात ने टिप्पणी करने से इनकार किया।

Chief Editor, Aaj Khabar
