Dehradun: उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दिल्ली से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रसिद्ध ब्रांड कैम्पा कोला की डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने का झांसा देकर रुद्रपुर निवासी एक व्यक्ति से 23.55 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।
एसटीएफ के अनुसार, पीड़ित ने नवंबर 2025 में शिकायत दर्ज कराई थी। वह गूगल पर कैम्पा कोला की डिस्ट्रीब्यूटरशिप से संबंधित जानकारी खोज रहा था, इसी दौरान उसकी बातचीत दो व्यक्तियों से हुई, जिन्होंने खुद को कंपनी का अधिकारी बताया। आरोपियों ने भरोसा जीतकर रजिस्ट्रेशन और सिक्योरिटी फीस के नाम पर बड़ी रकम अपने खातों में ट्रांसफर करवा ली।
पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी की रकम पहले तीन बैंक खातों में जमा कराई गई, जिसके बाद उसे अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर एटीएम के माध्यम से निकाल लिया गया। बैंक रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के बाद आरोपियों की पहचान सुनिश्चित हुई।
गिरफ्तार आरोपियों में 22 वर्षीय राम कुमार, निवासी नवादा जिला बिहार और 22 वर्षीय शुभम कुमार, निवासी विजय विहार थाना क्षेत्र रोहिणी दिल्ली शामिल हैं। दोनों को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से आठ सिम कार्ड, 27 बैंक पासबुक, 18 चेकबुक, 30 एटीएम कार्ड, पांच आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किए हैं। बरामद खातों और दस्तावेजों को लेकर अन्य राज्यों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
साइबर एएसपी कुश मिश्रा ने बताया कि आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को रोजगार का लालच देकर दिल्ली बुलाते थे, उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाकर बैंकिंग किट अपने पास रखते और एटीएम, यूपीआई व अन्य ऑनलाइन माध्यमों से साइबर ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
