Kichha: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुमाऊँ परिक्षेत्र एसओटीएफ और ऊधमसिंह नगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 122.14 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोटरसाइकिल से स्मैक लेकर जा रहा था।
मुख्यमंत्री के “नशामुक्त उत्तराखण्ड” के लक्ष्य को साकार करने और प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी व बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कुमाऊँ पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में 14 सितंबर 2026 को कुमाऊँ एसओटीएफ और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर टीम ने सैजना रोड स्थित सोलर फैक्टरी के पास, चौकी दरऊ क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति को रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 122.14 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरचरन सिंह (30 वर्ष), पुत्र मक्खन सिंह, निवासी धानी करा सिंह अभोर, थाना अभोर, जिला फाजिल्का, पंजाब के रूप में हुई।
बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली किच्छा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई में प्रभारी एसओटीएफ कुमाऊँ रेंज मय टीम, उपनिरीक्षक पवन जोशी और कांस्टेबल उमेद गिरी शामिल रहे।
पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र ने सभी जनपद प्रभारियों और एसओटीएफ को मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस का संदेश: “नशे के सौदागरों पर लगातार प्रहार, युवाओं के सुरक्षित भविष्य का संकल्प।”
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
