Dehradun: भाजपा प्रदेश मीडिया टीम की वर्चुअल बैठक में मिशन 2027 को लेकर चुनावी रणनीति, सरकार की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार और आगामी पार्टी कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी जीत को दो-तिहाई बहुमत में बदलने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए मीडिया पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पार्टी मुख्यालय से वर्चुअल माध्यम से आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए प्रभावी ढंग से कार्य कर रही है। सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं के चलते जनता का विश्वास लगातार भाजपा के साथ बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा सरकार को तीसरी बार अवसर देने के प्रति जनता में सकारात्मक माहौल है। इस दिशा में पार्टी के मीडिया विभाग की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाने में मीडिया टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के सामने कोई बड़ी चुनौती नहीं है, लेकिन भाजपा का लक्ष्य केवल लगातार तीसरी जीत हासिल करना नहीं, बल्कि दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाना है। इसके लिए सरकार की उपलब्धियों, पार्टी के कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति को प्रभावी तरीके से जनता के बीच स्थापित करने में सभी मीडिया माध्यमों का बेहतर उपयोग किया जाना आवश्यक है।
बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने 17 सितंबर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान के सभी कार्यक्रम भव्य और व्यापक स्वरूप में आयोजित किए जाएं। इसके लिए मीडिया टीम को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रमों की जानकारी समय से जनता तक पहुंचानी होगी, ताकि अधिक से अधिक लोग कार्यक्रमों में शामिल होकर योजनाओं एवं गतिविधियों का लाभ उठा सकें।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने प्रदेश नेतृत्व के समक्ष मीडिया विभाग की आगामी रणनीति प्रस्तुत की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार के कार्यों और संगठन की गतिविधियों को रीयल टाइम बेसिस पर प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने मीडिया पदाधिकारियों को पार्टी के आगामी कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विशेष दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश स्तर की सूचनाएं समयबद्ध तरीके से जिला स्तर तक और जिलों की महत्वपूर्ण गतिविधियां प्रदेश एवं राष्ट्रीय मीडिया तक पहुंचनी चाहिए। साथ ही सोशल मीडिया के सभी प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पार्टी की प्रभावी और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में मुख्य प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, विनय गोयल, प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर, शादाब शम्स, हनी पाठक, कमलेश रमन, मथुरा दत्त जोशी, संपर्क प्रमुख हरीश चमोली समेत पार्टी के विभिन्न जिलों के मीडिया संयोजक एवं सह संयोजक मौजूद रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
