Haldwani: नैनीताल पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं रेंज की संयुक्त टीम ने नशा मुक्ति अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए काठगोदाम क्षेत्र से 1.155 किलोग्राम अवैध चरस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी भी कब्जे में ले ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत 15 सितंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में काठगोदाम पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं रेंज की संयुक्त टीम ने वाइल्डलाइफ ट्रांजिट रेस्क्यू सेंटर के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान मनोज चंद्र के कब्जे से 609 ग्राम तथा संजय चंद्र के कब्जे से 546 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। दोनों के पास से कुल 1.155 किलोग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी संख्या UK04 TB 8402 भी जब्त कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज चंद्र (29 वर्ष) निवासी बामन चापड़, तहसील पाटी, जनपद चंपावत तथा संजय चंद्र (30 वर्ष) निवासी अनरिया, तहसील पाटी, जनपद चंपावत के रूप में हुई है।
इस मामले में कोतवाली काठगोदाम में एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बरामद चरस की आपूर्ति कहां की जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
