Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Dehradun: दिव्यांग बच्चों के बीच सीएम धामी ने मनाया जन्मदिन, बच्चों के गीत ने मुख्यमंत्री को किया भावुक

Dehradun: दिव्यांग बच्चों के बीच सीएम धामी ने मनाया जन्मदिन, बच्चों के गीत ने मुख्यमंत्री को किया भावुक
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्म दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (NIBH) पहुंचकर वहां अध्ययनरत बच्चों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनके बीच समय बिताया। इस दौरान बच्चों ने मुख्यमंत्री के लिए जन्मदिन का गीत गाया, जिसे सुनकर सीएम धामी भावुक नजर आए।

मुख्यमंत्री ने बच्चों के बीच जाकर उनसे संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए उनके अनुभवों और रुचियों के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी काफी उत्साहित नजर आए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर, प्रोत्साहन तथा विश्वास मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से जीवन की हर चुनौती को पार किया जा सकता है।

सीएम धामी ने कहा कि समाज में हर व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी उनके जन्म दिवस का सबसे विशेष और यादगार उपहार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मनुष्य जब प्रतिदिन प्रातः नींद से उठता है तो वह एक नए दिन में प्रवेश करता है, इसलिए उनके लिए जन्म दिवस भी नए संकल्प और नई ऊर्जा का अवसर है। उन्होंने कहा कि इसी भावना के साथ उनका प्रयास रहता है कि वह इस दिन बच्चों के बीच जाएं, उनसे बातचीत करें और उनके साथ कुछ समय बिताएं।

उन्होंने कहा कि एनआईबीएच के बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विभिन्न कार्य और योजनाएं संचालित की जा रही हैं। दिव्यांग बच्चों को हर क्षेत्र में सक्षम बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को केवल सहानुभूति नहीं, बल्कि अवसर और सक्षम बनाने वाला वातावरण चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन दिव्यांग बच्चों को विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है, वे बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के युवा उनके जन्म दिवस को युवा संकल्प दिवस के रूप में मना रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *