Haldwani: बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के जवाहर नगर में बुधवार सुबह 29 वर्षीय अमन ठाकुर का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक मूल रूप से गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक के गले पर तार से चोट के निशान मिले हैं, जिसके चलते पुलिस हत्या के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि अमन ठाकुर जवाहर नगर में एक महिला के घर पर रह रहा था। सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस को युवक की मौत की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर में मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की।
पुलिस घटना के पीछे अवैध संबंधों के शक समेत कई संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। महिला के दामाद सहित घर में मौजूद अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी एक कारण को लेकर निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे एक युवक की मृत्यु की सूचना मिली थी। मृतक की उम्र लगभग 28 से 29 वर्ष है। मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने के कारण घर में मौजूद लोगों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच आगे बढ़ा दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगा कि अमन ठाकुर की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या यह हत्या का मामला है।

Chief Editor, Aaj Khabar
