Rudrapur: ऊधम सिंह नगर में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में क्षेत्र-01 रुद्रपुर और क्षेत्र-02 खटीमा की आबकारी टीम ने संयुक्त रूप से बाराकोटली रेंज सहदौरा और पंचकी रुद्रपुर क्षेत्र में दबिश दी।
सहदौरा में एक जलती हुई शराब की भट्टी को ध्वस्त कर मौके से करीब 4,000 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया। टीम ने यहां से 40 लीटर कच्ची शराब भी बरामद की। वहीं पंचकी रुद्रपुर में दो जलती हुई भट्टियों को ध्वस्त करते हुए 5,000 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया और मौके से 70 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।
आबकारी विभाग के अनुसार, कार्रवाई में कुल 9,000 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया और 110 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। मामले में संबंधित आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
यह कार्रवाई माननीय आबकारी आयुक्त एवं जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देशों के अनुपालन में जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में की गई। अभियान में क्षेत्र-01 रुद्रपुर एवं क्षेत्र-02 खटीमा का आबकारी स्टाफ मौजूद रहा। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
