Headlines

Nainital: भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे दुष्कर्म प्रकरण में नया मोड़, पहली शिकायतकर्ता युवती से पुलिस हिरासत में पूछताछ

Nainital: भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे दुष्कर्म प्रकरण में नया मोड़, पहली शिकायतकर्ता युवती से पुलिस हिरासत में पूछताछ
शेयर करे-

Nainital: भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे से जुड़े चर्चित दुष्कर्म प्रकरण में नया मोड़ सामने आया है। मामले में सबसे पहले शिकायत दर्ज कराने वाली युवती को नैनीताल पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। देर शाम तक मल्लीताल कोतवाली में उससे विभिन्न बिंदुओं पर लगातार पूछताछ की गई।

गौरतलब है कि एक छात्रा ने नरेश पांडे पर शारीरिक शोषण, दबाव बनाकर गर्भपात कराने और धमकी देने समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे। युवती की तहरीर पर मल्लीताल कोतवाली में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के बाद नरेश पांडे ने गिरफ्तारी से बचने के लिए जिला न्यायालय और उत्तराखंड हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन दोनों अदालतों से उसे राहत नहीं मिली।

इसी बीच एक अन्य युवती ने भी नरेश पांडे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

अब जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने पहली शिकायतकर्ता युवती को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार उपलब्ध साक्ष्यों, दोनों पक्षों के बयानों और अन्य तथ्यों का मिलान किया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि युवती को किस आधार पर हिरासत में लिया गया है और उसके खिलाफ कोई मामला दर्ज किया गया है या नहीं।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मामले में संलिप्त युवती को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है और पूछताछ पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की आगामी कार्रवाई से इस चर्चित मामले में नए तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *