Dehradun: उत्तराखंड की राजनीति में शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को एक नया इतिहास दर्ज हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के 1832 दिन पूरे होने के साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय नारायण दत्त तिवारी के 1831 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 4 जुलाई 2021 को पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी ने उन पर दोबारा विश्वास जताते हुए मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी। तब से वह लगातार प्रदेश का नेतृत्व कर रहे हैं।
इस उपलब्धि से पहले 4 जुलाई 2026 को धामी ने लगातार पांच वर्ष तक मुख्यमंत्री रहने वाले भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड भी बनाया था। महज पांच दिनों के भीतर उन्होंने दो ऐतिहासिक उपलब्धियां अपने नाम कर उत्तराखंड की राजनीति में नया अध्याय जोड़ दिया।
उत्तराखंड के पहले निर्वाचित मुख्यमंत्री स्वर्गीय नारायण दत्त तिवारी ने 2 मार्च 2002 से 7 मार्च 2007 तक लगातार पांच वर्षों तक प्रदेश का नेतृत्व किया था और उनका कुल कार्यकाल 1831 दिनों का रहा। अब यह रिकॉर्ड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम दर्ज हो गया है।
उत्तराखंड में अब तक कांग्रेस की ओर से नारायण दत्त तिवारी, विजय बहुगुणा और हरीश रावत मुख्यमंत्री रहे हैं, जबकि भाजपा ने नित्यानंद स्वामी, भगत सिंह कोश्यारी, भुवन चंद्र खंडूड़ी, रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत और पुष्कर सिंह धामी सहित सात मुख्यमंत्री दिए हैं। वर्तमान में सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री के रूप में पुष्कर सिंह धामी का नाम राज्य के राजनीतिक इतिहास में दर्ज हो गया है।

Chief Editor, Aaj Khabar
