Nainital: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के बनभूलपुरा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक की ईंट-पत्थर से बेरहमी से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात को बनभूलपुरा क्षेत्र के गौजाजाली इलाके में हुई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राजेंद्र नगर गली नंबर 2 निवासी 26 वर्षीय तरुण रावत पुत्र राधे श्याम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तरुण रावत का गौजाजाली में रहने वाली एक महिला से अवैध संबंध था। शुक्रवार देर रात तरुण उक्त महिला के घर पर ही मौजूद था, तभी महिला का पति वहां पहुंच गया और उसने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया।
गुस्से में आकर आरोपी पति ने तरुण पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे तरुण की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। बनभूलपुरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और तरुण को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हत्या के आरोप में अनिल नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। घटना को लेकर पुलिस अभी तक अधिकृत रूप से कुछ भी कहने से बच रही है, लेकिन प्रारंभिक पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर हत्या का कारण व्यक्तिगत रंजिश और अवैध संबंध बताए जा रहे हैं।
सीओ सिटी नितिन लोहनी ने बताया कि देर रात करीब ढाई बजे वारदात की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
