Nainital: नैनीताल प्रशासन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दो दिवसीय कुमाऊं प्रवास की तैयारियां पूरी कर ली हैं। अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि माननीय राष्ट्रपति 3 नवंबर से 4 नवंबर 2025 तक जनपद भ्रमण पर रहेंगी।
राष्ट्रपति 3 नवंबर को अपराह्न 03:05 बजे देहरादून से प्रस्थान कर 04:10 बजे हल्द्वानी स्थित आर्मी हेलीपैड पर पहुंचेंगी। इसके पश्चात वे 04:20 बजे सड़क मार्ग से राजभवन, नैनीताल के लिए रवाना होंगी। शाम को राजभवन में आयोजित विशेष समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू राजभवन की स्थापना के 125 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके उपरांत वे राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी।
अगले दिन, 4 नवंबर को राष्ट्रपति पूर्वाह्न 08:50 बजे राजभवन के मुख्य द्वार के शिलान्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगी। इसके बाद वे 10:05 से 10:35 बजे तक नीम करोली बाबा आश्रम, कैंची धाम के दर्शन करेंगी। दर्शन के उपरांत राष्ट्रपति पूर्वाह्न 11:15 बजे कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल पहुंचेंगी, जहां वे विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू विद्यार्थियों को संबोधित करेंगी और मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करेंगी। समारोह उपरांत वे अपराह्न 12:25 बजे पुनः राजभवन लौटेंगी। अपराह्न 2:30 बजे राष्ट्रपति का काफिला राजभवन से प्रस्थान कर 3:50 बजे हल्द्वानी पहुंचेगा, जहां से वे अपराह्न 4:00 बजे वायु मार्ग से बरेली के लिए रवाना होंगी।
प्रशासन ने राष्ट्रपति के प्रवास को लेकर सुरक्षा, यातायात और स्वागत की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी कार्यालय ने समस्त विभागों को सतर्क और समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए हैं ताकि यात्रा सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

Chief Editor, Aaj Khabar
