Dehradun: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास पर रविवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचीं, जहां राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति पतंजलि विश्वविद्यालय, हरिद्वार के दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं।
समारोह में राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया और उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में 64 प्रतिशत बेटियां हैं और पदक पाने वाली छात्राओं की संख्या छात्रों से चार गुना अधिक है। उन्होंने इसे महिलाओं के नेतृत्व में आगे बढ़ते विकसित भारत का प्रतीक बताया।
https://twitter.com/rashtrapatibhvn/status/1984874958745419817?s=46
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि यह भारतीय संस्कृति की उस महान परंपरा का विस्तार है, जिसमें गार्गी, मैत्रेयी और लोपामुद्रा जैसी विदुषी महिलाएं समाज को बौद्धिक दिशा देती थीं। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेटियां अपनी प्रतिभा से भारत माता का गौरव बढ़ाएंगी।
उन्होंने पतंजलि विश्वविद्यालय द्वारा योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में किए जा रहे अनुसंधान की सराहना की और कहा कि यह स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संघर्षशील जीवन, विनम्रता और सरलता सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर उनका सानिध्य उत्तराखंड के लिए सौभाग्य की बात है।

Chief Editor, Aaj Khabar

