Nainital: शनिवार रात नैनीताल-हल्द्वानी रोड पर दोगांव में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली और हरियाणा के पर्यटकों को लेकर लौट रहा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में रोहतक निवासी चालक सोनू कुमार (32) और दिल्ली के बदरपुर निवासी पर्यटक गौरव बंसल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही ज्योलीकोट पुलिस चौकी इंचार्ज श्याम सिंह बोरा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को खाई से निकालकर 108 समेत अन्य एंबुलेंस के जरिए सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, बदरपुर बार्डर दिल्ली से आए पर्यटकों का दल बाबा नीब करौरी मंदिर, कैंची धाम दर्शन के बाद लौट रहा था। रात करीब 10 बजे मटियाली बैंड के पास वाहन नियंत्रण खो बैठा और लगभग 12 मीटर नीचे गिरकर पेड़ से अटक गया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। दुर्घटना में एक साल की बच्ची सहित कई महिलाएं व बच्चे घायल हुए हैं।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उपचार में कोई लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
घायल यात्रियों में शामिल:
विजय अग्रवाल, अजय अग्रवाल, वंश अग्रवाल, अन्नू अग्रवाल, शिल्पी, हेमंत, श्रुति, अंशिका, सोनिया, निकिता समेत चार बच्चे।

Chief Editor, Aaj Khabar
