Headlines

Ramnagar: रामनगर में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, महिला गंभीर घायल

Haldwani Newss
शेयर करे-

Ramnagar: नैनीताल जिले के रामनगर-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गैबुआ निवासी 30 वर्षीय कमलेश आर्या शुक्रवार सुबह बैलपड़ाव से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में ग्राम कमोला निवासी बसंती थापा ने उनसे छोई स्थित अपने रिश्तेदार के घर तक लिफ्ट मांगी। कमलेश उन्हें अपनी बाइक पर बैठाकर छोई की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गैबुआ के समीप तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों को संयुक्त चिकित्सालय रामनगर पहुंचाया। अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. हर्ष ने कमलेश आर्या को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल बसंती थापा को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही रामनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के बाद मौके से फरार हुए डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलगाम दौड़ रहे भारी वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि चालक की गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *