Rudrapur: उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में स्विमिंग पूल में नहाने गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
मृतक की पहचान कपिल शर्मा पुत्र देवी शरण शर्मा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के निवासी थे और वर्तमान में दिनेशपुर के धर्मपुर क्षेत्र में रहकर एक फाइबर कंपनी में कार्यरत थे। कपिल अपने परिवार में तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक के चचेरे भाई सुधीर के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 8:30 बजे की है। कपिल अपने कुछ दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल में नहाने गए थे। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां कपिल को मृत अवस्था में देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही दिनेशपुर थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि युवक की मौत डूबने, किसी स्वास्थ्य संबंधी समस्या या अन्य किसी कारण से हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। साथ ही घटना के समय युवक के साथ मौजूद दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सटीक जानकारी जुटाई जा सके।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। वहीं युवक की अचानक हुई मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

Chief Editor, Aaj Khabar
