Sitarganj: उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम खेत में पानी की मोटर लगाने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस झगड़े में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
घटना मंगलवार शाम करीब छह बजे की है, जब मृतक सुरजीत सिंह अपने खेत में मोटर से सिंचाई कर रहा था। उसी समय पास के खेत में उसका चचेरा भाई रोहित भी मौजूद था। इसी बीच गांव का हरजीत सिंह मौके पर आया और मोटर लगाने को लेकर सुरजीत से झगड़ने लगा। गाली-गलौज के बाद वह चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद निशान सिंह अपनी बेटी अमरजीत कौर के साथ पहुंचा और विवाद करने लगा।
कुछ समय बाद तीनों—निशान सिंह, हरजीत सिंह और अमरजीत कौर—फिर लौटे और सुरजीत से गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान निशान सिंह ने तमंचा निकालकर सुरजीत को गोली मार दी। गोली लगते ही सुरजीत नीचे गिर गया। रोहित उसे बचाने आया तो निशान ने उस पर भी तमंचा तान दिया और फिर सभी आरोपी फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल सुरजीत को परिजन सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई प्रह्लाद सिंह ने बताया कि निशान सिंह पहले भी पानी की मोटर को लेकर रंजिश रखता था और कई बार झगड़ा कर चुका था।
सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि हत्या के आरोप में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फरार हैं लेकिन उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर लगातार दबिश दे रही हैं। मामले की जांच जारी है।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

