Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत राज्य के प्रमुख तीर्थ स्थलों पर भीड़ नियंत्रण, प्रवेश-निकास व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए मास्टर प्लान तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रमुख सचिव आरके सुधांशु ने सचिव पर्यटन को इस संबंध में आदेश जारी करते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर में 27 जुलाई को हुई दुखद घटना के बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। इसके बाद उन्होंने समूचे राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए थे।
प्रमुख सचिव सुधांशु द्वारा जारी आदेशों में विशेष रूप से उन तीर्थ स्थलों को शामिल करने को कहा गया है, जहां हर वर्ष भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मास्टर प्लान की तैयारी और कार्यान्वयन में गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों के मंडलायुक्तों का सहयोग लिया जाएगा। इसके अलावा तीर्थ स्थलों तक जाने वाले मार्गों पर यदि कोई अवैध अतिक्रमण है, तो उसे प्राथमिकता से हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड में हर वर्ष करोड़ों श्रद्धालु तीर्थ यात्रा पर आते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। मास्टर प्लान के अंतर्गत धार्मिक स्थलों के आसपास यात्री सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे यात्रा अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक बन सके।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

