Uttarakhand: श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की औपचारिक बोर्ड बैठक समिति के केनाल रोड स्थित कार्यालय सभागार में अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की अध्यक्षता में भगवान श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ की आरती के साथ हुई।
बैठक में सबसे पहले नवगठित समिति के सदस्यों का परिचय कराया गया और उनका स्वागत किया गया। समिति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चारधाम यात्रा को लेकर विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में तीर्थ यात्रा के सफल संचालन के लिए आभार व्यक्त किया।
बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत किया, इसके बाद वित्त अधिकारी मनीष कुमार उप्रेती द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए बजट प्रस्तुत किया गया, जिसे चर्चा के बाद सर्वसम्मति से अनुमोदित कर दिया गया। इस वित्तीय वर्ष के लिए समिति ने कुल 127.09 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया।
अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि श्री बदरीनाथ धाम के लिए 64.22 करोड़ रुपये तथा श्री केदारनाथ धाम के लिए 62.87 करोड़ रुपये की प्रस्तावित आय के आधार पर बजट तय किया गया है। श्री केदारनाथ धाम के लिए 40.93 करोड़ रुपये और श्री बदरीनाथ धाम के लिए 56.86 करोड़ रुपये के व्यय का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा में 8 जुलाई 2025 तक कुल 24,78,963 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं, जिनमें से श्री बदरीनाथ धाम में 11,37,628 और श्री केदारनाथ धाम में 13,41,335 श्रद्धालु शामिल हैं। श्री बदरीनाथ के लिए 14,32,983 तथा श्री केदारनाथ के लिए 15,49,930 पंजीकरण दर्ज किए गए हैं। मानसून सीजन के बावजूद चारधाम यात्रा नियमित रूप से चल रही है।
बैठक में उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, विजय कप्रवाण, सदस्यगण श्रीनिवास पोस्ती, महेंद्र शर्मा, धीरज पंचभैया मोनू, देवी प्रसाद देवली, राजपाल जड़धारी, प्रह्लाद पुष्पवान, डॉ. विनीत पोस्ती, राजेंद्र प्रसाद डिमरी, नीलम पुरी, दिनेश डोभाल समेत अन्य अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने जानकारी दी कि बैठक की समाप्ति से पूर्व केदारनाथ हैली दुर्घटना में दिवंगत मंदिर समिति कर्मचारी विक्रम रावत सहित अन्य तीर्थयात्रियों के प्रति दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

