Uttarakhand: बाबा केदारनाथ धाम के कपाट शुक्रवार सुबह वृष लग्न में विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे और हर-हर महादेव के जयघोषों से पूरी केदारघाटी गूंज उठी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस शुभ अवसर पर केदारनाथ पहुंचे और कपाटोद्घाटन के बाद भगवान केदारनाथ के दर्शन किए। मंदिर को इस अवसर पर 108 क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। साथ ही, शासन-प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तथा सुरक्षा बलों की तैनाती भी सुनिश्चित की गई थी।
कपाट खुलने के बाद पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न कराई गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर भोलेनाथ का वंदन किया और समर्पण भाव से सिर झुकाया।
श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने बताया कि अब दर्शन के लिए टोकन व्यवस्था लागू कर दी गई है। साथ ही, केदारनाथ में 15,000 से अधिक श्रद्धालुओं के रात्रि प्रवास की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “मेरे लिए यह अत्यंत सौभाग्य का क्षण है कि मैं कपाटोद्घाटन के दौरान श्री केदारनाथ धाम में उपस्थित हूं।”
संपूर्ण विधि-विधान और दिव्य साज-सज्जा के साथ श्री केदारनाथ धाम श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
