Headlines

Roorkee: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया आउटसोर्स लाइनमैन, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

Roorkee: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया आउटसोर्स लाइनमैन, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर
शेयर करे-

Roorkee: हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में विद्युत विभाग के एक आउटसोर्स लाइनमैन के साथ ड्यूटी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। विद्युत लाइन पर कार्य करते समय लाइनमैन हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसे जोरदार करंट लगा और वह बिजली के खंभे से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार मुकीम पुत्र यूसुफ विद्युत विभाग में आउटसोर्स लाइनमैन के रूप में कार्यरत है। बताया गया कि वह भंगेड़ी क्षेत्र में विद्युत लाइन के खंभे पर चढ़कर कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे जमीन पर गिर पड़ा।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और सहकर्मियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायल लाइनमैन को दुर्गा चौक स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया है।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन, विभागीय कर्मचारी और अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुटी रही। वहीं ऊर्जा विभाग ने हादसे के कारणों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

अधिशासी अभियंता विवेक राजपूत ने बताया कि घायल कर्मचारी को हायर सेंटर रेफर किया गया है। विभाग उसके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित है और हादसे के कारणों की विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है। इस घटना ने विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों और सावधानियों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *