Dehradun: देहरादून के सहसपुर क्षेत्र में भाजपा नेता विनोद कुमार की हत्या के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे आरोपी इन्तजार पुत्र जमील (32) निवासी सहसपुर को तिमली गांव से गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि बैरागीवाला गांव में खेत में पानी लगाने को लेकर शनिवार शाम दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। हिंसा के दौरान आगजनी, पथराव और मारपीट की घटनाएं सामने आई थीं। इसी घटनाक्रम में भाजपा नेता विनोद कुमार की हत्या का मामला भी सामने आया था।
पुलिस इससे पहले मामले में पांच आरोपियों रज्जाक, सलमान, जावेद, शहबाज और इम्तियाज को गिरफ्तार कर चुकी है। सभी आरोपी बैरागीवाला क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
