Udham Singh Nagar: ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर में मंगलवार को पुलिस और गौवंश संरक्षण स्क्वाड की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी। गांधी कॉलोनी क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर टीम ने एक स्विफ्ट डिजायर कार को घेरकर उसकी तलाशी ली, जिसमें से लगभग 300 किलोग्राम प्रतिबंधित गौमांस बरामद किया गया।
संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस ने नईम पुत्र मोहम्मद अहमद निवासी अगलगा थाना स्वार जनपद रामपुर तथा अबरार पुत्र बाबू खां निवासी गांधी कॉलोनी गदरपुर को मौके से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान दो अन्य आरोपी पुलिस टीम को देखकर घबरा गए और फायरिंग करते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने मौके से स्विफ्ट डिजायर कार के साथ तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। बरामद गौमांस और वाहनों को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया है। साथ ही पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि अवैध गौ-तस्करी और गौवंश से जुड़े अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
