Headlines

Udham Singh Nagar: रिश्वतखोर जेई 20 हजार रुपये लेते गिरफ्तार, विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई में वीडीओ भी जांच के दायरे में

Udham Singh Nagar: रिश्वतखोर जेई 20 हजार रुपये लेते गिरफ्तार, विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई में वीडीओ भी जांच के दायरे में
शेयर करे-

Udham Singh Nagar: उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार को विजिलेंस सेक्टर हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने ऊधम सिंह नगर के जसपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत कार्यालय में तैनात कनिष्ठ अभियंता (जेई) विवेक कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कुंडा (काशीपुर) में शिकायतकर्ता से घूस लेते समय दबोचा गया। मामले में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (वीडीओ) दीपक सागर के विरुद्ध भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता जसपुर क्षेत्र का एक पंजीकृत ठेकेदार है, जिसने ब्लॉक जसपुर में वाटर कूलर लगाने का कार्य पूरा किया था। कार्य के भुगतान के लिए बिल पास कराने के बदले जेई विवेक कुमार ने 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की, जबकि ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर ने भी 12 हजार रुपये अतिरिक्त घूस की मांग की।

ठेकेदार ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए सतर्कता अधिष्ठान की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत दर्ज कराई। प्राथमिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।

पूर्व नियोजित योजना के तहत सोमवार को कुंडा (काशीपुर) में जाल बिछाया गया। जैसे ही जेई विवेक कुमार ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत ली, विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि दूसरे नामजद आरोपी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

इस सफल ट्रैप कार्रवाई पर सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने विजिलेंस टीम की सराहना करते हुए ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *