Haldwani: आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत कांग्रेस ने सोमवार को हल्द्वानी के राजपुरा में आयोजित परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के जरिए अपने चुनावी अभियान का आगाज़ किया। सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का संकल्प लेते हुए कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने और आगामी चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के जिला प्रभारी करन माहरा ने कहा कि उत्तराखंड बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, कमजोर कानून व्यवस्था और खनन व भूमि माफिया की सक्रियता से जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में परिवर्तन संकल्प अभियान शुरू किया है, जिसके तहत चारों दिशाओं से परिवर्तन यात्राएं निकाली जा रही हैं।
राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी ने कहा कि कांग्रेस का परिवर्तन संकल्प अभियान जनता की आवाज़ को मजबूती देने का जनआंदोलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर प्रदेश सरकार की नीतियों और कांग्रेस के विजन को जनता तक पहुंचाने की अपील की।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने सम्मेलन में उमड़ी भीड़ को बदलाव की इच्छा का संकेत बताते हुए कहा कि कांग्रेस शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास के मुद्दों को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने राजपुरा क्षेत्र में प्रशासनिक कार्रवाई, युवाओं में बढ़ते नशे और स्थानीय समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद बिष्ट ने कहा कि हल्द्वानी की जनता परिवर्तन के पक्ष में अपना स्पष्ट संदेश दे चुकी है और कांग्रेस संगठन जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगा। पार्षद प्रीति आर्य और एडवोकेट धर्मवीर ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए परिवर्तन अभियान में जनता के सहयोग का भरोसा जताया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री मलय बिष्ट ने किया, जबकि वरिष्ठ समाजसेवी गोविंद बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत किया। सम्मेलन में जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
