Headlines

Udham Singh Nagar: खटीमा में युवक से लूट और अप्राकृतिक कृत्य का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Udham Singh Nagar: खटीमा में युवक से लूट और अप्राकृतिक कृत्य का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
शेयर करे-

Udham Singh Nagar:  उधम सिंह नगर के नानकसागर डैम क्षेत्र में युवक के साथ लूट, मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार चल रहे मुख्य आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई के दौरान उसके दाहिने पैर में गोली लगी। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूटा गया पर्स, नकदी और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 6 अगस्त की रात प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम वांछित आरोपी की तलाश में चेकिंग और गश्त कर रही थी। मच्छीझाला के पास डैम बंधे पर संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की।

पुलिस ने करीब दो किलोमीटर तक पीछा कर गलाबाग रोड के कच्चे रास्ते पर आरोपी की घेराबंदी की। इस दौरान मोटरसाइकिल फिसलने के बाद आरोपी झाड़ियों की आड़ लेकर दोबारा पुलिस पर फायरिंग करने लगा। कई बार आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद फायरिंग जारी रखने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों दीपक सिंह और मनोज भाटिया के साथ मिलकर 5 अगस्त को नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट कर उसका पर्स और नकदी लूटी थी तथा उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य किया था। पुलिस ने बताया कि इस मामले के दोनों अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, लूटा गया पर्स, भारतीय और नेपाली मुद्रा, एटीएम कार्ड, मोबाइल खरीद का बिल, पासपोर्ट साइज फोटो और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस का सख्त रुख जारी है। युवक के साथ लूट, मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य करने वाला मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसके कब्जे से अवैध तमंचा भी बरामद हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *