Nainital: कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने शुक्रवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत नैनीताल जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग कार्यालय, सीआरएसटी इंटर कॉलेज मल्लीताल तथा के.एल. साह ट्रस्ट नगर पालिका परिषद बालिका इंटर कॉलेज में संचालित SIR कार्यों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पारदर्शिता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बूथों पर जारी नोटिसों की तामील, सुनवाई प्रक्रिया और मतदाता सूची के सत्यापन कार्य की समीक्षा की। उन्होंने स्वयं स्कैनिंग के माध्यम से मतदाता सूची का परीक्षण किया, जिसमें कुछ नामों से संबंधित त्रुटियां सामने आईं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र मतदाताओं को निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेज, जैसे हाईस्कूल प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र तथा आवश्यकता अनुसार जाति प्रमाणपत्र प्रस्तुत कर त्रुटियों का समय पर निस्तारण कराया जाए।
आयुक्त ने बताया कि वर्ष 2003 के आधार पर किए जा रहे मैपिंग कार्य के दौरान जिन पात्र मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज नहीं है, वे भी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं। उन्होंने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी वास्तविक एवं पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा और उसके मतदान अधिकार पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे।
दीपक रावत ने बूथवार एईआरओ की तैनाती की भी समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी अधिकारी निर्धारित तिथि और समय पर बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कुमाऊं मंडल विकास निगम के वाहन पार्किंग स्थल का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे इस पार्किंग परिसर में रेलिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा नौ दुकानें भी तैयार हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पार्किंग परियोजना को शीघ्र संचालित करने के निर्देश दिए ताकि आमजन को इसका लाभ मिल सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विवेक राय, एसडीएम नैनीताल नवाजिश खालिक, सहायक निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पांडे सहित विभिन्न क्षेत्रों के सुपरवाइजर एवं बीएलओ उपस्थित रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
