Haldwani: गौला नदी में नहाने के दौरान 15 वर्षीय किशोर की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर किशोर को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अहमद पुत्र मोहम्मद रफीक निवासी महोनिया डलआ गांव, थाना छवियां, जनपद गोंडा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। अहमद इन दिनों हल्द्वानी में अपने रिश्तेदारों के साथ रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को अहमद अपने भाइयों और परिजनों के साथ गौला नदी किनारे कपड़े धोने गया था। इसी दौरान वह नहाने के लिए नदी में उतरा और अचानक गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह नदी में डूब गया। घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। संयुक्त रेस्क्यू अभियान के बाद किशोर को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन चिकित्सकीय परीक्षण में उसे मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने लोगों से बरसात के मौसम में नदी-नालों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि बारिश के दौरान नदियों की गहराई और जलस्तर लगातार बदलते रहते हैं। कई स्थानों पर ऊपर से पानी कम गहरा दिखाई देता है, लेकिन नीचे गहरे गड्ढे और कटाव होने से जानलेवा हादसे हो सकते हैं। ऐसे में नदी, गाड़-गदेरों और तेज बहाव वाले जलस्रोतों में उतरने से बचना चाहिए।

Chief Editor, Aaj Khabar
