Uttarakhand: उत्तराखंड विधानसभा के मानसून सत्र में मंगलवार का दिन सरकार और विपक्ष के बीच गहमा-गहमी के नाम रहा। दिनभर तीखे विरोध के बाद विपक्षी विधायकों ने रात भर सदन के भीतर धरना जारी रखा।
शाम को पहले विधानसभा अध्यक्ष और विपक्ष के बीच वार्ता हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं फोन कर धरना खत्म करने का अनुरोध किया, किंतु विपक्ष डीएम के ट्रांसफर, एसएसपी के निलंबन और मुकदमे वापस लेने की मांग पर अड़ा रहा।
धरना स्थल पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से लेकर सभी कांग्रेस विधायक कंबल ओढ़े बैठे नजर आए। उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक सुमित हृदयेश ने देर रात सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बताया कि सदन के भीतर सब शांतिपूर्ण है और तोड़फोड़ का आरोप महज अफवाह है।
वहीं खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने भी फेसबुक पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें विपक्षी विधायक सदन के भीतर बैठे और लेटे दिखाई दे रहे हैं। विपक्ष ने साफ किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका धरना जारी रहेगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
