Headlines

Lucknow: सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में निधन, संदिग्ध पॉइजनिंग एंगल से जांच शुरू

Lucknow: सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में निधन, संदिग्ध पॉइजनिंग एंगल से जांच शुरू
शेयर करे-

Lucknow: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के भाई और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया। वह मात्र 38 वर्ष के थे। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 6 बजे उन्हें विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास से गंभीर हालत में लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए KGMU भेजा गया।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल के CMS डॉक्टर देवेश चंद्रा ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं सिविल अस्पताल प्रशासन ने अपने बयान में कहा कि प्रतीक यादव के ड्राइवर ने अस्पताल पहुंचकर तबीयत बिगड़ने की सूचना दी थी। डॉक्टर जब घर पहुंचे, तब तक शरीर में कोई हलचल नहीं थी। अस्पताल लाने के बाद उन्हें ‘ब्रॉट डेड’ घोषित किया गया। मामला संदिग्ध पॉइजनिंग का प्रतीत होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए KGMU भेजा गया है।

प्रतीक यादव के करीबी मित्र राहुल पाठक ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे स्टाफ की ओर से फोन आया था कि उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही है। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। राहुल के अनुसार, प्रतीक यादव लंबे समय से सांस और हृदय संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे।

प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक और परिचित अस्पताल पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी KGMU पहुंचे और डॉक्टरों से बातचीत की। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रतीक का जाना बेहद दुखद है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ समय पहले मुलाकात के दौरान उन्होंने प्रतीक को स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी थी और अब मौत के कारणों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रतीक यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। समाजवादी पार्टी ने भी एक्स पर पोस्ट कर शोक संवेदना व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *