Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 7:30 बजे पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर अदलीसपुर गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे मैजिक वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक करीब 10 फीट तक घिसटती चली गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मैजिक वाहन में दो महिलाओं समेत कुल 10 लोग सवार थे। हादसे में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई लोग वाहन के अंदर सीटों के बीच फंस गए थे, जबकि दो लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में कई शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और एक गंभीर घायल को अस्पताल भेजा, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि मैजिक वाहन लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रहा था, जबकि ट्रक बहराइच की तरफ से आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने ट्रक की रफ्तार बेहद तेज बताई है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
खमरिया के सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं सीएचसी खमरिया के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में कई लोगों के शव बुरी तरह कुचल गए थे।

Chief Editor, Aaj Khabar
