Headlines

Haridwar: युवक ने दी हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी, 12 घंटे में चढ़ा पुलिस के हत्थे

Haridwar: युवक ने दी हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी, 12 घंटे में चढ़ा पुलिस के हत्थे
शेयर करे-

Haridwar: हरिद्वार में डायल 112 पर कॉल कर शहर को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने हरकी पैड़ी समेत कई प्रमुख स्थलों को चार दिनों के भीतर बम से उड़ाने की धमकी देकर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा दिया था। आरोपी ने महिला पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता करने के साथ ही कई बड़े नेताओं के नाम लेकर गाली-गलौज भी की।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार 17 मई की रात सिटी कंट्रोल रूम हरिद्वार के डायल 112 पर एक अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर हरिद्वार में बम धमाके की धमकी दी। आरोपी लगातार अलग-अलग नंबरों से फोन कर हरकी पैड़ी समेत कई स्थानों को निशाना बनाने की बात कह रहा था। कॉल के बाद पुलिस ने तत्काल हरकी पैड़ी और अन्य संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा बढ़ा दी तथा अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

नगर कोतवाली में तैनात एसएसआई गोपाल दत्त भट्ट को मामले की जांच सौंपी गई। पुलिस ने मोबाइल नंबर ट्रेस कर आरोपी सोहन सिंह रावत पुत्र मदन सिंह रावत निवासी ग्राम पाटा, थाना यमकेश्वर, जिला पौड़ी गढ़वाल को रोडीबेलवाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अत्यधिक शराब के नशे में यह हरकत की थी। पुलिस के अनुसार आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *