Headlines

Nainital: नैनीताल में होम स्टे पर प्रशासन का सख्त अभियान, 35 अवैध और 123 मानकों के विपरीत संचालित इकाइयों पर कार्रवाई

Nainital: नैनीताल में होम स्टे पर प्रशासन का सख्त अभियान, 35 अवैध और 123 मानकों के विपरीत संचालित इकाइयों पर कार्रवाई
शेयर करे-

Nainital: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर रविवार को नैनीताल जिलेभर में होम स्टे इकाइयों के खिलाफ व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। अपर जिलाधिकारी विवेक कुमार राय के नेतृत्व में प्रशासन की संयुक्त टीमों ने विभिन्न पर्यटन क्षेत्रों और तहसीलों में संचालित होम स्टे का निरीक्षण किया, जिसमें बड़ी संख्या में अवैध और नियमों के विपरीत संचालित इकाइयां सामने आईं।

जांच के दौरान कई होम स्टे होटल की तर्ज पर संचालित पाए गए, जबकि उनके वास्तविक मालिक जिले से बाहर रह रहे थे और इकाइयों को किराए पर देकर व्यावसायिक रूप से चलाया जा रहा था। प्रशासन ने इसे होम स्टे योजना की मूल भावना और निर्धारित मानकों के खिलाफ बताया। अधिकारियों के अनुसार, योजना का उद्देश्य स्थानीय परिवारों को रोजगार और आजीविका उपलब्ध कराना है, जिसमें संचालक स्वयं होम स्टे में निवास करेगा और घरेलू वातावरण उपलब्ध कराएगा।

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार जिलेभर में कुल 238 होम स्टे का निरीक्षण किया गया। इनमें 35 होम स्टे बिना वैध पंजीकरण संचालित पाए गए, जबकि 123 होम स्टे बंद, मानकों के विपरीत अथवा किसी अन्य को किराए पर देकर होटल की तरह संचालित होते मिले।

तहसीलवार कार्रवाई में रामनगर क्षेत्र में 31 होम स्टे की जांच के दौरान 4 अवैध और 18 नियमों के विपरीत पाए गए। कालाढूंगी में 20 निरीक्षणों में 4 अवैध और 9 किराए पर संचालित मिले। लालकुआं में 3 में से 1 होम स्टे मानकों के विपरीत पाया गया, जबकि हल्द्वानी क्षेत्र में 5 निरीक्षणों में 2 अवैध इकाइयां मिलीं।

सबसे अधिक कार्रवाई नैनीताल और कैंची धाम क्षेत्र में हुई। नैनीताल क्षेत्र में 91 होम स्टे की जांच में 8 अवैध और 39 नियमों के विपरीत पाए गए। कैंची धाम क्षेत्र में 48 निरीक्षणों के दौरान 13 अवैध और 34 मानकों के खिलाफ संचालित मिले। वहीं धारी क्षेत्र में 40 निरीक्षणों में 4 अवैध और 22 मानकों के विपरीत पाए गए।

निरीक्षण के दौरान कई होम स्टे बंद मिले, जबकि कुछ स्थानों पर संचालक मौजूद नहीं थे। प्रशासन ने कई इकाइयों में पार्किंग व्यवस्था, किराया सूची और पर्यटकों के रिकॉर्ड जैसी अनिवार्य व्यवस्थाओं की कमी भी पाई।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण और नियमों के उल्लंघन में संचालित होम स्टे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने सभी संचालकों को नियमानुसार पंजीकरण कराने, पर्यटकों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और शासन के तय मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *