Sitarganj: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सितारगंज के शक्तिफार्म को सिडकुल क्षेत्र से जोड़ने के लिए सिसौना नदी पर लगभग 11 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 150 मीटर स्पान सीसी पुल का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुल के निर्माण से क्षेत्र के करीब 50 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और सिडकुल सितारगंज व विकासखंड कार्यालय सिसौना तक पहुंचने की दूरी लगभग 9 किलोमीटर कम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के साथ आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार सड़कों, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ऊधमसिंह नगर और शक्तिफार्म-सितारगंज क्षेत्र में कई महत्वाकांक्षी विकास योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि शक्तिफार्म में पीपीपी मॉडल के तहत मिल्क पाउडर, आइसक्रीम और चीज निर्माण के लिए आधुनिक डेयरी प्रसंस्करण इकाई स्थापित की जा रही है। वहीं प्रह्लाद पलसिया में लगभग 54 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे एक्वा पार्क का 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए पीएचसी को 30 बेड के सीएचसी में उच्चीकृत किया गया है। इसके अलावा सितारगंज-टनकपुर फोरलेन सड़क, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, विभिन्न मोटर मार्ग और मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किच्छा में लगभग 351 करोड़ रुपये की लागत से 100 एकड़ भूमि पर एम्स सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाईअड्डे के निर्माण की दिशा में भी कार्य जारी है। गदरपुर और खटीमा बाईपास, बस अड्डों, खेल स्टेडियम, साइकिलिंग ट्रैक, एथलेटिक्स ट्रैक और औद्योगिक परियोजनाओं के जरिए क्षेत्र को नई पहचान दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना को पुनः शुरू कर तराई क्षेत्र की पेयजल और सिंचाई जरूरतों को पूरा करने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया जा रहा है। किसानों के हित में गन्ने के समर्थन मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि भी की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शुरू किए गए विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे कर जनता को समर्पित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और पारदर्शी प्रशासन के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार के अवसर मिले हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास के लिए ऐतिहासिक कार्य कर रही है। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
