Headlines

Haldwani: 13 सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षकों का महा-आंदोलन तेज, मंत्री कैड़ा और विधायकों को सौंपे ज्ञापन

Haldwani: 13 सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षकों का महा-आंदोलन तेज, मंत्री कैड़ा और विधायकों को सौंपे ज्ञापन
शेयर करे-

Haldwani: जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ नैनीताल की जनपदीय कार्यकारिणी ने अपनी 13 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर चल रहे ‘महा-आंदोलन’ के तीसरे चरण में उत्तराखंड सरकार के जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। शिक्षकों ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को संबोधित ज्ञापन कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, हल्द्वानी महापौर गजराज सिंह बिष्ट तथा लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट को सौंपे।

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शिक्षकों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वह मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से वार्ता कर समस्याओं के समाधान का प्रयास करेंगे। वहीं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट और महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने भी शिक्षकों की मांगों को सरकार तक पहुंचाकर समाधान कराने का भरोसा दिलाया।

शिक्षक संघ ने स्पष्ट किया कि प्रदेशभर के शिक्षक 1 मई से आंदोलनरत हैं और लगातार उपेक्षा के चलते अब आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संघ की प्रमुख मांगों में शिक्षकों को टीईटी परीक्षा से पूर्ण छूट, 17,140 वेतनमान लाभ, पूरी सेवा में तीन पदोन्नतियों की गारंटी, पुरानी पेंशन योजना लागू करना, जूनियर हाईस्कूलों में अंग्रेजी विषय के पद सृजित करना, अंतर्जनपदीय स्थानांतरण सुविधा तथा 5400 ग्रेड वेतन प्राप्त शिक्षकों को बोनस या राजपत्रित अधिकारी का दर्जा देने की मांग शामिल है।

ज्ञापन देने वालों में जिला मंत्री डॉ. डी.एन. भट्ट, जिला उपाध्यक्ष दयाकिशन आर्या, ब्लॉक अध्यक्ष खीमेश भट्ट, ब्लॉक मंत्री मतलूब हुसैन, कोषाध्यक्ष प्रेम प्रकाश दानी, भानु कपिल, भुवन चंद्र गुणवंत, ठाकुर दत्त पांडेय, नारायण दत्त कफल्टिया, कृष्णा आर्या और हरीश चंद्र भट्ट सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।

संघ के जिला मंत्री डॉ. डी.एन. भट्ट ने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में 18 मई को जनपद नैनीताल के समस्त जूनियर हाईस्कूल शिक्षक बुध पार्क हल्द्वानी में एकत्रित होकर विशाल रैली निकालेंगे तथा जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *